आज देश में होली का त्यौहार बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। लोग एक-दूसरे पर रंग और फूल लगाते नजर आते हैं। बच्चे पानी के जग में रंग भरकर एक-दूसरे पर फेंक रहे हैं। राष्ट्रपति से लेकर प्रधानमंत्री और विपक्षी पार्टी के नेता सभी एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दे रहे हैं।
इस होली की खास बात यह है कि यह त्यौहार शुक्रवार को आ रहा है। इसलिए पुलिस प्रशासन सतर्क है। यूपी समेत देश के कई शहरों में पुलिस हाई अलर्ट पर है। पुलिस ने संभल से लेकर दिल्ली तक संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च किया है।
भगवान शिव का रुद्राभिषेक
होली के अवसर पर उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया गया।
संभल में कड़ी सुरक्षा
उत्तर प्रदेश के संभल में सुरक्षा बल तैनात हैं। आज होली का त्यौहार मनाया जा रहा है और आज ही जुमे की नमाज भी अदा की जाएगी। संभल के एसपी केके बिश्नोई के मुताबिक होली दोपहर 2:30 बजे से पहले मनाई जाएगी और जुमे की नमाज 2:30 बजे के बाद अदा की जाएगी।
पुष्कर में विदेशियों के साथ होली
राजस्थान के पुष्कर में स्थानीय लोगों के साथ-साथ विदेशियों ने भी होली का त्योहार मनाया।
सीएम रेखा गुप्ता ने खेली होली
दिल्ली स्थित भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में ‘होली मंगल मिलन’ समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इसमें दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी शामिल हुईं।
गोरखपुर की अनोखी होली
रंगों का त्योहार होली उत्तर प्रदेश के गोरखपुर समेत पूरे भारत में बड़े उत्साह और उमंग के साथ मनाया जा रहा है।
कोलकाता में होली के रंग
पश्चिम बंगाल के कोलकाता शहर में लोग होली मनाते देखे गए। महिलाएं एक-दूसरे पर रंग-गुलाल लगाकर खुशियां मनाती नजर आईं।
वृंदावन में भक्तों ने खेली होली
उत्तर प्रदेश के मथुरा में रंगों का त्योहार होली मनाने के लिए भक्त वृंदावन के प्रेम मंदिर के बाहर एकत्र हुए।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने होली की शुभकामनाएं दीं
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोशल मीडिया पोस्ट में रंगों के त्योहार होली के पावन अवसर पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि खुशी का यह त्योहार एकता, प्रेम और सद्भाव का संदेश देता है। यह त्यौहार भारत की अमूल्य सांस्कृतिक विरासत का भी प्रतीक है। आइए, इस पावन अवसर पर हम सभी, मां भारती की सभी संतानों के जीवन में निरंतर प्रगति, समृद्धि और खुशियों के रंग भरने का संकल्प लें।
प्रियंका गांधी ने दी होली की शुभकामनाएं
प्रियंका गांधी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर लिखा- “रंगों, उत्साह, उल्लास, भाईचारे, समानता और सद्भाव के त्योहार होली की हार्दिक शुभकामनाएं। होली खेलते समय सभी को प्यार से गले लगाएं। अपने परिवार, समाज और देश के हर नागरिक के साथ खुशियां बांटें। आप सभी को होली की हार्दिक शुभकामनाएं!”
होली पर विशेष रेत कलाकृति
होली के अवसर पर रेत कलाकार सुदर्शन पटनायक ने ओडिशा के पुरी समुद्र तट पर रेत कलाकृति बनाई।