दिल्ली में फिर बदलेगा मौसम?
राजधानी दिल्ली में कल से मौसम बदल सकता है। पिछले दो-तीन दिनों से तेज हवाएं चल रही थीं, जिसकी वजह से गर्मी से हल्की राहत मिली। वहीं अब कल आसमान साफ हो जाएगा और तेज धूप तापमान बढ़ाएगी। लोगों को गर्मी से राहत पाने के लिए कूलर और एसी का सहारा लेना पड़ेगा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, कल न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इसके बाद तेजी से तापमान बढ़ेगा। इस वीकेंड तक पारा 36 डिग्री तक पहुंच सकता है।
राजस्थान में हल्की बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान में एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव है। इसकी वजह से कल हल्की बारिश का अनुमान है। आईएमडी ने कहा कि राज्य के उत्तरी भागों में मेघ गर्जन के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान बीकानेर, जयपुर व भरतपुर संभाग में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने के साथ साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं जयपुर व भरतपुर संभाग में कहीं-कहीं मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश व शेष अधिकांश भागों में आगामी 4-5 दिन मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
कल आपके यहां कितना रहेगा तापमान
शहर | न्यूनतम तापमान (°C) | अधिकतम तापमान (°C) |
दिल्ली | 17 | 35 |
नोएडा | 18 | 33 |
पटना | 22 | 34 |
लखनऊ | 18 | 34 |
जयपुर | 19 | 32 |
भोपाल | 21 | 34 |
मुंबई | 22 | 33 |
दरभंगा | 17 | 32 |
जम्मू | 13 | 30 |
प्रयागराज | 18 | 30 |
कोलकाता | 22 | 32 |
अहमदाबाद | 21 | 38 |
बेंगलुरु | 22 | 34 |
कानपुर | 16 | 31 |
वाराणसी | 19 | 29 |
यूपी में गर्मी करेगी परेशान
यूपी के ज्यादातर जिलों में मार्च महीने में भीषण गर्मी का अहसास हो रहा है। दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। वहीं मौसम विभाग ने कहा है कि कल कुछ जिलों में मौसम बदल सकता है। कुछ इलाकों में बारिश, बादल गरजने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसके अलावा, 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है।
बिहार के कई जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने बिहार के कुछ जिलों में कल के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसमें औरंगाबाद, पटना, भभुआ, रोहतास, गया, नवादा, जमुई और बांका शामिल है। बारिश के बाद अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरेगा, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। हालांकि अगले हफ्ते से एक बार फिर से बिहार में तेजी से गर्मी बढ़ेगी।