हनुमानगढ़: पाकिस्तानी महिला हुमरा के राजस्थान के रास्ते भारत- पाक बॉर्डर क्रॉस करने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर है। इसी बीच हनुमानगढ़ जिले के संगरिया क्षेत्र में चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहां एक खेत में पाकिस्तानी गुब्बारा मिलने से हड़कंप मच गया। यह गुब्बारा नाथवाना रोही गांव के एक खेत में मिला। गुब्बारे पर उर्दू में कुछ लिखा होने की बात सामने आई है। गुब्बारा खेत में मिलने के बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना तुरंत संगरिया पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गुब्बारे को जब्त कर लिया है। साथ ही जांच शुरू कर दी है।

गुब्बारे पर लिखा ‘जान जान पाकिस्तान’

गुब्बारे पर चांद और सितारे बने हुए थे, जो पाकिस्तानी झंडे जैसे दिखते हैं। साथ ही, पता चला है कि उस पर ‘जान जान पाकिस्तान’ लिखा हुआ है। इसका मतलब है ‘प्यारी जान पाकिस्तान’। अब पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह गुब्बारा पाकिस्तान से यहां तक कैसे पहुंचा। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि गुब्बारे पर सफेद और हरे रंग का दिल बना हुआ है। उस दिल में चांद और सितारा भी बना है, जो पाकिस्तानी झंडे जैसा दिखता है। संगरिया थाना के ASI राजाराम स्वामी ने इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों से सूचना मिलने पर वे तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। यहां किसान सुशील जाखड़ के खेत में एक संदिग्ध पाकिस्तानी गुब्बारा मिला। गुब्बारा खेत में खड़ी फसल के ऊपर अटका हुआ था। उन्होंने बताया कि इस मामले में तुरंत उच्च अधिकारियों को सूचना दी गई है। इसके बाद, उन्होंने मौके की वीडियोग्राफी की और गुब्बारे को जब्त कर लिया। पुलिस ने गुब्बारे को थाने के मालखाने में सुरक्षित रख दिया है। आगे की जांच जारी है।

यह गुब्बारा पहले मिले गुब्बारों से अलग

मिली जानकारी के अनुसार इस क्षेत्र में संदिग्ध गुब्बारे मिलना कोई नई बात नहीं है। पहले भी इस तरह के गुब्बारे मिल चुके हैं। लेकिन इस बार मिले गुब्बारे में एक बड़ा अंतर है. पहले जो गुब्बारे मिलते थे, वे एयरोप्लेन के आकार के होते थे। उन पर PIA लिखा होता था, जिसे पाकिस्तानी इंटरनेशनल एयरलाइन का प्रतीक माना जाता था।कई बार यह भी अनुमान लगाया जाता था कि वे मौसम विभाग के गुब्बारे हैं। लेकिन रविवार को मिला गुब्बारा बिल्कुल सामान्य है। यह बच्चों के खेलने वाले गुब्बारे जैसा है। इसका आकार और शेप भी वैसा ही है। गुब्बारा कहां से आया और इसके पीछे क्या मकसद है, इसकी जांच जारी है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *