मुंबई: हरियाणा, महाराष्ट्र और दिल्ली में हार के बाद से कांग्रेस ने इंडिया गठबंधन का जिक्र नहीं किया है। लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी गुरुवार को मुंबई के दौरे पर पहुंचे। उन्होंने मुंबई के धारावी में चमड़ा उद्योग के कामगारों से मुलाकात की। राहुल गांधी शुक्रवार का गुजरात पहुंचेंगे। ऐसे में चर्चा शुरू हो गई है कि राहुल गांधी के मन मे क्या चल रहा है क्योंकि राहुल गांधी के मुंबई पहुंचते ही कांग्रेस ने महाराष्ट्र में सदभावना यात्रा निकालने का ऐसा कर दिया है। राज्य में कांग्रेस ने राहुल के करीबी माने जाने वाले हर्षवर्धन सपकाल को कमान सौंपी है। कांग्रेस की यह यात्रा आठ मार्च से शुरू होगी।


चमार स्टूडियाे गए राहुल गांधी
धारावी के दौरे में राहुल गांधी सुधीर राजभर के चमार स्टूडियाे भी गए जहां उन्होंने डिजाइनर सुधीर राजभर और उनकी टीम के कारीगरों से मुलाकात की। चमार स्टूडियो अपने रचनात्मक दृष्टिकोण के लिए प्रसिद्ध है, जिसमें वह रीसाइकल टायरों का उपयोग करके हाथ से बैग बनाते हैं। यह स्टूडियो उस दलित, चमड़े के कारीगर समुदाय की परंपरा को संरक्षित करता है, जिसके नाम पर इसका नाम रखा गया है। राहुल गांधी ने बाद में एक्स पर लिखा कि चमार स्टूडियो के संस्थापक सुधीर राजभर लाखों दलित युवाओं की कहानी को समेटे हुए हैं। वह अत्यंत प्रतिभाशाली हैं, नए विचारों से भरपूर हैं और सफलता के लिए आतुर हैं, लेकिन अपने क्षेत्र के शीर्ष लोगों तक पहुंच की कमी और सीमित अवसरों की चुनौती से जूझते रहे। मगर, अपने समुदाय के कई अन्य लोगों से अलग, सुधीर ने अपना नेटवर्क बनाया। उन्होंने धारावी के कारीगरों की छिपी प्रतिभा को पहचाना और एक ऐसा ब्रांड खड़ा किया, जिसे आज विश्व के सम्मानित फैशन जगत में अपनी पहचान मिली है।

मस्साजोग से शुरू होगी यात्रा
कांग्रेस पार्टी ने राज्य में सामाजिक सद्भाव और भाईचारा बहाल करने के लिए 8 मार्च से कांग्रेस की सद्भावना पदयात्रा का ऐलान कर दिया है। इस यात्रा की शुरुआत आठ मार्च को मस्साजोग से होगी। बीड में आने वाले मस्साजोग के सरपंच की निर्ममता से हत्या के मामले पर पूरे महाराष्ट्र में आक्रोश है। इसी केस में फडणवीस सरकार के पहले मंत्री धनंजय मुंडे का इस्तीफा हुआ है। कांग्रेस के अनुसार इस यात्रा की शुरुआत से पहले कांग्रेस के प्रदेश प्रमुख हर्षवर्धन सपकाल सद्भावना यात्रा की शुरुआत में शुक्रवार को मढ़ी, भगवानगढ़ और नारायणगढ़ में जाएंगे। हर्षवर्धन सपकाल मढ़ी स्थित कनीफनाथ की समाधि और भगवानगढ़ स्थित संत श्री की समाधि पर जाएंगे। वे नारायणगढ़ में भगवान बाबा की समाधि और भगवान नागद नारायण के दर्शन करने के बाद सामाजिक सद्भाव के लिए प्रार्थना करेंगे। सद्भभावना यात्रा कुछ भारत जोड़ो यात्रा जैसी ही होगी। इसमें सामाजिक कार्यकर्ता, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा विभिन्न सामाजिक समूहों के लोग भाग लेंगे।

कुल 51 किमी की यात्रा
शनिवार 8 मार्च को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने दिवंगत को श्रद्धांजलि अर्पित की। वे संतोष देशमुख के परिवार से मिलेंगे और 51 किलोमीटर की सद्भावना पद यात्रा शुरू करेंगे। दो दिनों की यात्रा के बाद यह पदयात्रा रविवार 9 मार्च की शाम को बीड पहुंचेगी। पदयात्रा का समापन वहां एक सद्भावना सभा के साथ होगा। ऐसे में चर्चा शुरू हो गई है कि क्या कांग्रेस अकेले आगे बढ़ने की तैयारी कर रही है। महाराष्ट्र में अब आगे मुंबई में बीएमसी चुनावों के साथ राज्य के नगर पालिकाओं और पंचायत के चुनाव होने हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *