कोलकाता : पश्चिम बंगाल में BJP के संगठन की स्थिति का जायजा लेने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पहुंचने वाले थे। उनका यह दौरा कुछ समय के लिए टाल दिया गया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार ने बताया कि अमित शाह का 29-30 मार्च का दौरा प्रस्तावित थी लेकिन फिलहाल वह बंगाल नहीं आ रहे हैं। इसके पीछे ईद होना बताया जा रहा है।पहले तय कार्यक्रम के अनुसार, केंद्रीय मंत्री अमित शाह को 29 मार्च की रात कोलकाता पहुंचना था। उन्हें 30 मार्च को पार्टी की कई संगठनात्मक बैठकों में भाग लेना था। 30 की रात तक कई कार्यक्रमों और मीटिंग में भाग लेने के बाद रात में उन्हें दिल्ली वापस लौटना था।

ईद के चलते टला दौरा

सुकांत मजूमदार ने बताया कि ईद के त्योहार के कारण दौरा स्थगित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि लेकिन निश्चित रूप से वह (अमित शाह) बहुत जल्द राज्य का दौरा करेंगे। बदली हुई तारीख जल्द ही घोषित की जाएगी।

अगले साल हैं पश्चिम बंगाल में चुनाव

बंगाल बीजेपी अध्यक्ष ने यह भी कहा कि अगले साल होने वाले पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों को देखते हुए न केवल केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बल्कि BJP के अन्य केंद्रीय नेता भी आने वाले दिनों में राज्य का दौरा करेंगे। यह पहली बार नहीं है जब केंद्रीय गृह मंत्री का पश्चिम बंगाल दौरा टाला गया है।

मिदनापुर का दौरा भी हुआ था रद्द

इससे पहले जनवरी में अमित शाह को पूर्वी मिदनापुर जिले में एक जनसभा को संबोधित करना था। उन्हें राज्य में अन्य संगठनात्मक बैठकों में भी भाग लेना था। लेकिन वह दौरा भी केंद्रीय गृह मंत्री की व्यस्तता के कारण रद्द कर दिया गया था।

बंगाल में बनना है नया बीजेपी अध्यक्ष

इस महीने के अंत में होने वाला दौरा इसलिए भी महत्वपूर्ण था क्योंकि पार्टी की राज्य इकाई को जल्द ही अपना नया प्रदेश अध्यक्ष मिलने वाला है। मजूमदार पहले से ही केंद्रीय राज्य मंत्री हैं। BJP की ‘एक व्यक्ति, एक पद’ नीति के कारण वे लंबे समय तक पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पद पर नहीं बने रह सकते।

बंगाल में एक्टिव बीजेपी ने बनाए जिला अध्यक्ष

पिछले हफ्ते पश्चिम बंगाल में BJP की राज्य इकाई ने राज्य में 25 संगठनात्मक जिला अध्यक्षों की सूची जारी की। इनमें से 15 नए चेहरे थे।
पश्चिम बंगाल में BJP के संगठनात्मक जिलों की कुल संख्या 43 है। इसमें पूरे राज्य के 42 लोकसभा क्षेत्र और 294 विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। संगठनात्मक जिला अध्यक्षों की अंतिम सूची की घोषणा के बाद पश्चिम बंगाल में पार्टी के नए प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा की जाएगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *