होली के दिन हुई बारिश
सुबह के समय बादल छाए हुए थे। ठंडी हवाओं ने ठंडक का अहसास दिलाया। हालांकि दिन के साथ ही कई बार धूप भी निकली, लेकिन धूप व छांव का यह खेल जरी रहा। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 33 डिग्री रहा। यह अब भी सामान्य से 4.1 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 18.7 डिग्री रहा। यह सामान्य से 3.6 डिग्री अधिक रहा। हवा में नमी का स्तर 48 से 72 प्रतिशत तक रहा। इससे पूर्व होली के दिन यानी बीते शुक्रवार को अधिकतम तापमान बढ़कर 36.2 डिग्री पर पहुंच गया था। यह सामान्य से 7.3 डिग्री अधिक था। साथ ही यह सीजन का सबसे गर्म दिन भी रहा था।
आज भी हो सकती है बूंदाबांदी
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार सुबह 8:30 बजे तक सफदरजंग, पालम, लोदी रोड में बूंदाबांदी हुई। आया नगर में 0.2 एमएम, राजघाट में 1.2 एमएम, मयूर विहार में 1.5 एमएम बारिश हुई। इसके बाद से मौसम शुष्क बना हुआ है। वहीं पूर्वानुमान के अनुसार रविवार की सुबह धुंध रह सकती है। आंशिक बादल रहेंगे। हल्की बूंदाबांदी व बारिश की संभवना है। हवाओं की गति कभी कभार 25 से 35 किमी प्रति घंटे हो सकती है। अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री तक रह सकता है। इसके बाद मौसम साफ हो सकता है। 17 व 18 मार्च को भी हवाएं तेज रहेंगी। इनकी गति 25 से 35 किमी प्रति घंटे के आसपास रह सकती है। दोनों दिन अधिकतम तापमान 30 से 33 और न्यूनतम तापमान 15 से 18 डिग्री तक रह सकता है। 19 व 20 मार्च को आंशिक बादल छाए रहेंगे।
मार्च में भी अब तक 85 प्रतिशत कम बारिश
मार्च में भी इस बार अब तक 85 प्रतिशत कम बारिश हुई है। सामान्य तौर पर अब तक मार्च में सफदरजंग में 11.9 एमएम बारिश होनी चाहिए। लेकिन अब तक महज 1.8 एमएम बारिश हुई है। यह सामान्य से 85 प्रतिशत कम है। इसी तरह पालम में 11.4 एमएम की जगह महज 1 एमएम बारिश हुई है। यह सामान्य से 91 प्रतिशत कम हुई है। लोदी रोड में 11.9 एमएम की जगह महज 2.4 एमएम बारिश हुई। यह सामान्य से 84 प्रतिशत कम है। रिज में 15.4 एमएम की जगह महज 3.6 एमएम बारिश हुई। यह 77 प्रतिशत कम है। आया नगर में 16 एमएम की जगह महज 1.4 एमएम बारिश हुई। यह 91 प्रतिशत कम है। इससे पूर्व जनवरी में सामान्य से 65 प्रतिशत और फरवरी में 93.6 एमएम बारिश कम हुई थी।